चंदौसी। किसानों की बिजली संबंधी विभिन्न समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। भाकियू पदाधिकारियों ने अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं का समाधान न होने पर उनके कार्यालय पर बेमियादी धरना प्रदर्शन शुरू करने का एलान किया गया।
भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी प्रदेश सचिव एवं मंडलीय सचिव बिजेंद्र सिंह यादव की अगुवाई में अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचे। यहां अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन देकर कहा कि जनपद संभल को बने सात वर्ष हो गए। लेकिन बिजली विभाग के पास सामान का स्टोर नहीं है। किसान को सामान लेने के लिए मुरादाबाद के स्टोर पर जाना पड़ता है। इससे किसान को मानसिक के साथ आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। अधिशासी अभियंता का किसानों के प्रति व्यवहार सही नहीं है। उनके साथ कार्यालय में दुर्व्यवहार किया जाता है। जिन किसानों पर छह माह अथवा इससे अधिक का बिल बकाया है। उनके बिल जमा करने पर लाइन काटने अथवा जोड़ने के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। अधिशासी अभियंता के इस तुगलकी फरमान से किसानों को हानि पहुंचाई जा रही है। जिन किसानों से कनेक्शन काटने के नाम पर अवैध वसूली की गई है, उनके बिलों में समायोजन कराया जाए और आगे से यह अवैध वसूली रोकी जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में भाकियू के प्रदेश महासचिव बिजेेंद्र सिंह यादव, जिलाध्यक्ष शंकर सिंह यादव, मोहर सिंह यादव, चंद्रपाल आदि शामिल रहे।