जुनावई/चंदौसी। विरोधी पर बेटे के अपहरण का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच की तो मामला झूठा पाया। लापता युवक के साथ-साथ अपहरण का झूठा आरोप लगाने वाले उसके पिता को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गढ़िया गांव के रहने वाले रेवा राम और ओंकार सिंह में रुपये को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि बदले की नीयत से रेवाराम ने पुत्र अनिल कुमार को गायब कर इसका आरोप ओंकार सिंह पर लगा दिया। अपहरण की तहरीर गुन्नौर पुलिस को दे दी। पुलिस ने जब जांच की तो मामला झूठा पाया गया। पुलिस ने अगवा बताए जा रहे अनिल कुमार को पकड़ लिया और थाने ले आई। अनिल कुमार ने अपने परिवार की ही पोल खोल दी। रेवाराम ने ओंकर सिंह से बदला लेने के लिए ही बेटे को खुद ही छिपा दिया था, अपहरण का आरोप विरोधी पर लगा दिया था। पुलिस ने अनिल कुमार एवं उसके पिता रेवाराम को झूठा मुकदमा लिखाकर सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली। दोनों पिता पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।