कांठ। नगर की बिजली लाइने साथ नहीं दे रही हैं। कर्मचारी एक ओर से दुरुस्त करते हैं तो दूसरी ओर फाल्ट हो जाता है। बृहस्पतिवार को शट डाउन के कारण पूरा दिन बिजली बाधित रही। शाम को भी रोज बिजली कटौती की जा रही है। इसे लेकर नागरिकों ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है।
कांठ नगर में एक दशक पहले बिजली लाइनों से ओपन तार हटाकर बेंच केबिल डाले गए थे। लेकिन रोज कहीं न कहीं फाल्ट होता रहता है। केबिल टुकड़ों में तब्दील हो चुका है। अब यह कतई भी साथ नहीं दे रहा है। बिजली कर्मचारी एक ओर से जोड़ते हैं तो दूसरी और फाल्ट हो जाता है। बृहस्पतिवार को कर्मचारी पूरा दिन लाइनों को ही दुरुस्त करते रहे। शट डाउन के कारण पूरे दिन में मुश्किल से दो घंटे भी बिजली नहीं मिल पाई है। इसे लेकर नगरवासियों ने नाराजगी जताई। उपभोक्ता जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष विकास शर्मा, राजेंद्र सिंह, रामकिशन आदि ने बिजली आपूर्ति में सुधार किए जाने की मांग की है। वहीं भाकियू मंडल उपाध्यक्ष ऋषिपाल सिंह ने कहा कि शाम की बिजली कटौती को समाप्त नहीं किया गया तो एक जुलाई को बिजली का मुद्दा उठाया जाएगा।