फरवरी माह में लगातार बारिश हो रही है। मंगलवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए थे। इससे तापमान में गिरावट के साथ ठिठुरन बढ़ गई। दोपहर में शुरू हुई झमाझम बारिश शाम तक रुक-रुक कर होती रही। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।
जैसे ही तापमान बढ़ने लगता है, तभी मौसम में बदलाव होता है और बारिश होने लगती है। इससे सर्दी जाते-जाते लौट रही है। सोमवार को ही बादल छाने लगे थे। मंगलवार सुबह काली घटाएं छाई हुई थीं। इससे तापमान में गिरावट हो गई। दोपहर करीब दो बजे बारिश शुरू हुई। सबसे अधिक परेशानी विश्वविद्यालय की परीक्षा देने पहुंचे विद्यार्थियों को हुई। भीगते हुए वह केंद्रों पर पहुंचे। राजकीय इंटर कालेज स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी निसार अहमद अंसारी ने बताया कि अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की आर्द्रता 67 फीसदी और शाम की 69 फीसदी दर्ज की गई। दिनभर में 3.2 मिली मीटर बारिश हुई।