मुरादाबाद। बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता के लिए 14 नवंबर से बाल दिवस पखवाड़ा मनाया जाएगा। 28 नवंबर विश्व बाल दिवस पर इसका समापन होगा। पखवाड़े में स्कूलों में बच्चों को बाल अधिकारों की सुरक्षा, बाल मजदूरी, बाल विवाह, कानूनी प्रावधान एवं जागरूकता सेमिनार किए जाएंगे। पोस्टर एवं वाद विवाद प्रतियोगिता की जाएंगी।
राज्य परियोजना निदेशक के आदेश पर बीएसए कार्यालय ने सभी स्कूलों को बाल दिवस पखवाड़े आयोजन के निर्देश जारी कर दिए हैं। बीएसए कार्यालय के मुताबिक बाल दिवस पखवाड़े में स्कूलों में बच्चों को बाल कानून, बच्चों की सुरक्षा, बाल मजदूरी के बारे में जानकारी दी जाएगी। स्वच्छता, नुक्कड़ नाटक, कविता पाठ, पोस्टर बनाने की प्रतियोगिताएं एवं प्रदर्शनी लगाई जाएंगी। पखवाड़े के दौरान स्थानीय स्तर पर पुलिस, चाइल्ड प्रोटेक्शन कमेटी, आशा ज्योति केंद्र, चाइल्ड हेल्प लाइन, कालेज और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से बच्चों को बाल अधिकारों के बारे में रूबरू कराया जाएगा।
28 नवंबर को विश्व बाल दिवस पर पखवाड़े का समापन होगा। 28 नवंबर को स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटक, रैली निकाली जाएंगी। पखवाड़े में स्कूलों में गठित मीना मंच के सर्वश्रेष्ठ पांच बालक एवं पांच बालिकाओं का चयन किया जाएगा। चयनित बच्चों की सूची 30 नवंबर तक राज्य परियोजना कार्यालय को भेजी जाएगी। राज्य स्तर पर दिसंबर माह में मीना मंच का तीन दिवसीय कार्यशाला होगी, जिसमें चयनित बच्चे प्रतिभाग करेंगे।