जनपदीय स्कूलों में महीनों से समायोजन एवं पारस्परिक स्थानांतरण का इंतजार कर रहे शिक्षकों की मुराद पूरी हो गई है। सचिव मनीषा त्रिघाटिया ने बेसिक शिक्षा सचिव एवं निदेशक को इसके आदेश जारी कर दिए हैं।
मुरादाबाद जिले में बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में करीब चार हजार शिक्षक हैं। सैकड़ों शिक्षकों ने जिले में ही दूसरे स्कूलों में समायोजन एवं पारस्परिक स्थानांतरण के आवेदन किए थे। आवेदन विभाग में लटके थे। शासन से हरी झंडी मिलने के बाद जिला स्तर पर स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। समायोजन एवं स्थानांतरण के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी बनाई जाएगी। कमेटी में बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिव एवं डाइट प्राचार्य और नगर खंड शिक्षा अधिकारी सदस्य होंगे।
कमेटी स्कूलों में छात्र संख्या के आधार पर शिक्षकों का समायोजन करेगी। जिन स्कूलों में छात्र संख्या के मानक से अधिक शिक्षकों की तैनाती है उन्हें दूसरे स्कूलों में तैनात किया जाएगा। समायोजन प्रक्रिया में लास्ट इन फर्स्ट आउट के आधार पर कनिष्ठ अध्यापक को हटाकर उसी ब्लाक के नजदीकी स्कूल में तैनात किया जाएगा। विकलांग, गंभीर बीमारी और महिला शिक्षकों को उनकी सुविधा अनुसार समायोजन किया जाएगा। पांच अगस्त तक सभी समायोजन एवं स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
गणित और विज्ञान के शिक्षकों की अनिवार्यता
समायोजन एवं पारस्परिक स्थानांतरण में उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विज्ञान एवं गणित के शिक्षकों की तैनाती अनिवार्य रूप से होगी। अध्यापक एवं छात्र अनुपात 1-40 से अधिक और 1-20 से कम नहीं होगा। मानकों की अनदेखी करने पर बेसिक शिक्षा अधिकारी के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।