धनारी/चंदौसी। धनारी थाना क्षेत्र के मढ़ावली में युवक की करंट से झुलस कर मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
मढ़ावली गांव निवासी गजेंद्र सिंह मंगलवार की रात को खेत में लगे ट्यूबवेल से सिंचाई कर रहा था। रात को बिजली की लाइन में फाल्ट आ गया था। बुधवार की सुबह चार बजे बिजली नहीं थी। मौका देखकर गजेंद्र सिंह खंभे पर चढ़ लाइन सही करने लगा। उसी समय बिजली आ गई। किसान एचटी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। उस समय खेत पर उसका छोटा भाई पप्पू व दो रिश्तेदार भी मौजूद थे, लेकिन जब उन्हें घटना की जानकारी हुई तब तक गजेंद्र सिंह की मौत हो चुकी थी। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। शव को घर लाए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पोस्टमार्टम के लिए ले जाने की तैयारी की, लेकिन मृतक के पिता श्योदान सिंह ने बेटे के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। मृतक के शव को एक बजे अनूपशहर ले जाकर गंगा पर बने शमशान में अंतिम संस्कार कर दिया।
खुद ठीक करनी पड़ती है विद्युत लाइन
धनारी। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में यदि किसी किसान के विद्युत कनेक्शन में कोई दिक्कत आ जाए, तो उसे खुद ठीक करना पड़ता है। क्योंकि, कई बार शिकायत करने के बावजूद विद्युत कर्मी नहीं आते हैं। इसलिए कनेक्शन धारक को ही प्राइवेट लाइनमैन की मदद से या खुद ही फाल्ट को दूर करना पड़ता है। या है।