बिलारी। सपा कार्यकर्ताओं ने रविवार की दोपहर बिलारी में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जन्मदिन गरीबों और मरीजों में फल बांटकर मनाया। नगर में सपा के कैम्प कार्यालय एमआई हाउस पर दोपहर के समय सपा संगठन से जुड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता इकट्ठा हुए। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सपा के जिला उपाध्यक्ष हाजी मोहम्मद उस्मान ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन के मौके पर हम सभी को यह संकल्प लेना है कि आगामी 2019 में होने जा रहे लोकसभा चुनाव में देश में सपा और उसके सहयोगी दलों के गठबंधन वाली सरकार बनवानी है। बाद में बिलारी विधायक के प्रतिनिधि मोहम्मद हसन उर्फ फैजी के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने नगर में गांधीपार्क चौराहा और शाहबाद चौराहा पर गरीबों और रिक्शा चालकों को तथा सरकारी अस्पताल में मरीजों और उनके तीमारदारों को फल बांटकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का जन्मदिन मनाया। इस दौरान सभी ने अखिलेश यादव की लम्बी आयु की भगवान से कामना की। कार्यक्रम में सौरभ यादव, रामबाबू यादव, गनेशी सिंह यादव, सरफराज पाशा, रियाज पाशा, डा0 अनीस अहमद, इसरार अंसारी, सुलेमान अंसारी, नदीम फारूखी, हाजी इकबाल अंसारी, माजिद अंसारी, मोहसिन कमाल आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।