बिलारी। प्रशासन और आपूर्ति विभाग की सख्ती के बाद भी राशन वितरण में गड़बड़ी की शिकायतें जारी हैं। तहसील के अहमदाबाद कसौरा गांव में तो कोटेदार ने दो माह का खाद्यान्न कार्डधारकों में बांटने की बजाय ब्लैक कर दिया। आपूर्ति निरीक्षक की जांच में राशन की कालाबाजारी साबित होने पर डीएम का अनुमोदन मिलने के बाद आपूर्ति निरीक्षक ने कोटेदार के खिलाफ कोतवाली बिलारी में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आपूर्ति निरीक्षक ने बताया कि उनके द्वारा गांव में जाकर राशन वितरण की जांच करने की भनक मिलते ही कोटेदार अनिल कुमार अपनी राशन की दुकान बंद करके खिसक लिया और सूचना भेजने के बाद भी दुकान पर नहीं आया। ऐसी स्थिति में दुकान मेें रखे खाद्यान्न के स्टॉक का सत्यापन भी नहीं हो सका। जांच के दौरान यह स्पष्ट हो गया कि कोटेदार ने कार्डधारकों को वितरित किया जाने वाला राशन का खाद्यान्न और मिट्टी का तेल नाजायज नफा कमाने के उद्देश्य से कालाबाजारी कर दिया है जो आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अनुबंध पत्र की शर्तों का स्पष्ट उल्लंघन है। आपूर्ति निरीक्षक के मुताबिक उनकी जांच रिपोर्ट पर जिलाधिकारी का अनुमोदन मिलने के बाद रविवार की देर रात कोतवाली बिलारी में कोटेदार अनिल कुमार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।