शादी के पांच दिन बाद ही ट्रेन से कटकर युवक ने दी जान
- कांशीराम नगर में ट्रेन के आगे आकर की आत्महत्या
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। बंगला गांव में रहने वाले एक युवक ने शादी के पांच दिन बाद हीे ट्रेन से कटकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के मोबाइल से उसकी शिनाख्त हुई। हालांकि मौके पर सुसाइड नोट न मिलने के कारण परिजन इसे हादसा मान रहे हैं। घर में कोहराम मच गया है।
बंगला गांव निवासी जय सिंह के बेटे पप्पू (22) की शादी पांच दिन पहले ही सिविल लाइन निवासी आरती से हुई। वह सब्जी बेचने का काम करता था। परिजनों ने बताया कि सुबह वह घर से बिना बताए कहीं चला गया, इसके बाद दोपहर तक वापस नहीं लौटा। शाम को उसके मोबाइल पर कॉल की तो पुलिसकर्मियों ने फोन उठाया, जिसके बाद हादसे का पता चल सका। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि दोपहर के वक्त भोला सिंह की मिलक के पास पप्पू दिल्ली रेल मार्ग पर रेलवे ट्रैक पर टहल रहा था। इस दौरान पप्पू खुद ट्रेन के सामने आ गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। एसएचओ मझोला आरके नागर ने बताया कि मौके पर सुसाइड नोट नहीं मिला है। घटनास्थल पर मिले मोबाइल से मृतक की शिनाख्त हो सकी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसएचओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का ही लग रहा है। परिजनों ने बताया कि शादी के बाद पप्पू शादी के बाद कुछ दिनों से डिप्रेशन में लग रहा था, लेकिन वह घटना को सुसाइड मानने से इंकार कर रहे हैं।