हाईवे पर पाठकपुर चौकी के निकट रविवार की रात हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
बहजोई। सड़क हादसे में बाइक सवार सिपाही की मौत हो गई, जबकि साथी घायल हो गया। उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर घायल युवक को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। हादसा रविवार की रात का है।
रविवार की रात 11 बजे करीब अज्ञात वाहन की टक्कर से बहजोई से बबराला की ओर जा रहे बाइक सवार सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग जब तक मौके पर पहुंचे तब तक एक बाइक सवार दम तोड़ चुका था। बाइक सवार की शिनाख्त सिपाही 30 वर्षीय योगेश निवासी मोहल्ला महबुल्ला गंज थाना कटघर के रूप में हुई, जबकि घायल विकास की निवासी इंद्रापुरम् चौक वाल्मीकि बस्ती मुरादाबाद के रूप में पहचान हुई। आनन-फानन घायल युवक को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। कोतवाल ब्रजमोहन गिरि ने बताया कि सिपाही की शिनाख्त उसके थैले में रखी वर्दी, नेमप्लेट व आईकार्ड से हुई। सूचना पर देर रात परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं सोमवार को दोपहर एक बजे करीब पोस्टमार्टम के बाद सिपाही का शव पुलिस लाइन लाया गया जहां औपचारिक सलामी के बाद पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने श्रद्धांजलि दी और शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।