ईयरफोन ने ली युवक की जान, ट्रेन से कटा
ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत, भीड़ लगी
सूचना पर पहुंची पुलिस, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
अमर उजाला ब्यूरो
बहजोई(संभल)।
मुरादाबाद-अलीगढ़ रेलमार्ग पर शुक्रवार रात ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और हादसे की जांच-पड़ताल की। हादसा बहजोई-चंदौसी के बीच गांव बमनेटा के निकट का है। आस-पास के लोगों से जानकारी मिली कि रेलवे ट्रैक के पास से गुजर रहे युवक के कान में मोबाइल की ईयरफोन लीड लगी हुई थी, जिससे ट्रेन की आवाज नहीं सुन सका। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
शुक्रवार की रात आठ बजे करीब मुरादाबाद-अलीगढ़ रेलमार्ग पर बहजोई-चंदौसी के बीच स्थित गांव बमनेटा के निकट एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलने पर आस-पास के लोग मौके पर आ गए। ऑन ड्यूटी स्टेशन मास्टर ने बताया कि चंदौसी की ओर गांव बमनेटा पर किलोमीटर संख्या 84/0-84/1 के निकट 54392 टूएसीएम पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आकर एक युवक की मौत होने की सूचना मिली। इसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाल ब्रजमोहन गिरि ने बताया कि हादसे की जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने युवक की शिनाख्त गांव बमनेटा निवासी करीब 20 वर्षीय युवक राकेश पुत्र प्रेमपाल के रूप में की। कोतवाल के मुताबिक आस-पास के लोगों से जानकारी मिली कि रेलवे ट्रैक के पास से गुजर रहे युवक के कान में मोबाइल की ईयरफोन लीड लगी हुई थी, इससे वह ट्रेन आने का आभास नहीं कर सका और ट्रेन की चपेट में आ गया।