बीएसए का किया घेराव, योगी-मोदी के खिलाफ नारेबाजी
परीक्षा से वंचित परीक्षार्थियों ने जताया आक्रोश, पुलिस बल ने संभाली स्थिति
अमर उजाला ब्यूरो
चंदौसी।
समय से परीक्षा केंद्र नहीं पहुंचने, पहचान पत्र और बीटीसी व बीएड अंकतालिकाएं साथ नहीं ले जाने पर परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं दिया गया। आक्रोशित परीक्षार्थियों ने एसएम इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र के बाहर हंगामा कर दिया। बीएसए का घेराव कर मोदी और योगी के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति संभाली।
शिक्षक पात्रता परीक्षा के दौरान रविवार को स्टेशन रोड स्थित एसएम इंटर कॉलेज में परीक्षा शुरू होने के बाद हंगामे की स्थिति रही। हुआ यूं कि सुबह की पाली में परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र पर पहुंचे। कुछ परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में पहुंचने में विलंब हो गया। तो कुछ के पास बीएड और बीटीसी की मूल अंकतालिकाएं नहीं थी। किसी के पास फोटो पहचान पत्र नहीं था। ऐसे में परीक्षा से वंचित परीक्षार्थियों ने परीक्षा केंद्र के बाहर हंगामा कर दिया। मोदी और योगी के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर दी। बेसिक शिक्षा अधिकारी सत्यनारायण की गाड़ी को रोक कर हंगामा करने लगे। मौके पर पुलिस बल पहुंच गया। समझाबुझाकर शांत किया गया। कुछ देर के लिए माहौल तल्ख हो गया। हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई।
जिम्मेदार बेपरवाह, गलत परीक्षा केंद्र पर दी परीक्षा
चंदौसी। एसएम कॉलेज के कक्ष संख्या 19 बी में सुबह की पाली के दौरान शिक्षामित्र परीक्षा दे रही थीं। करीब आधा घंटे बाद कक्ष निरीक्षक ने शिक्षामित्र के रोल नंबर का मिलान किया तो पता चला कि गलत परीक्षा केंद्र पर शिक्षामित्र परीक्षा दे रही हैं। असल में शिक्षामित्र का परीक्षा केंद्र एनकेबीएमजी पीजी कॉलेज में था। एक अन्य परीक्षार्थी को परीक्षा शुरू होने के करीब एक घंटे बाद देखा गया कि वह एनकेबीएमजी परीक्षा केंद्र की है, उसे भी बाहर ले जाया गया।
फोटो के साथ