मिलावटी मिठाइयां रोकने को पहुंची टीम का विरोध, बैरंग लौटी
गुन्नौर (संभल)।
दिवाली से पूर्व मिलावटी मावे से निर्मित मिठाइयों को रोकने के लिए चेकिंग करने पहुंची खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम का व्यापारियों ने कड़ा विरोध किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी टीम का विरोध किया। आखिरकार टीम को बिना निरीक्षण के ही वापस लौटना प़डा।
दिवाली का पर्व आने वाला है, हर तरफ मिठाइयां बन रही हैं। ऐसे में मिलावटी मिठाइयां आदि खाद्य वस्तुओं को रोकने के लिए जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी पीके त्रिपाठी अपनी टीम के साथ कस्बे के मोहल्ला सराय में छापेमारी करने पहुंचे। लेकिन जैसे ही दुकानदारों को जानकारी हुई, तो अधिकांश ने अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए। भाजपा नेताओं की शरण में पहुंच गए। जिससे कस्बे में सन्नाटा छा गया। जब भाजपा नेता भी पहुंच गए और टीम सदस्यों से भिड़ गए। तीखी नोकझोक होने लगी। जिससे खाद्य टीम किसी भी दुकान की चेकिंग नही कर पाई। जबकि वह देखने वालों की भीड़ लग गई। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि चेकिंग आज नहीं हो पाई है। अगली बार फिर से करेंगे। व्यापारियों का कहना हैकि यह अधिकारी सभी से धन उगाही करते हैं, जो रुपये नहीं देता है, उसके यहां छापेमारी करते हैं। हर बार सिर्फ एक दुकान की ही सैंपलिंग करते हैं। जबकि यहां सैकड़ो दुकाने हैं। इस कारण इनका विरोध किया गया है। यहां किसी तरह की कोई मिलावट नहीं की जा रही है, ना ही चेकिंग से किसी को कोई परेशानी है।