बाबूगढ़ में चंदौसी के ट्रक चालक की हादसे में मौत, मचा कोहराम
चंदौसी।
नगर के मोहल्ला जारई गेट निवासी ट्रक चालक युनुस (45) की गाजियाबाद के बाबूगढ़ में सड़क हादसे में मौत हो गई है। हादसा शनिवार की रात करीब 11 बजे गाजियाबाद के बाबूगढ़ में हुआ है। युनुस की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
शहर के जारई गेट निवासी युनुस पुत्र बाबू हुसैन ट्रक चलाकर अपने परिवार का पालन पोषण करते थे। युनुस गजियाबाद के बाबूगढ़ में सड़क हादसे में गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस ने युनुस को अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान युनुस की मौत हो गई। पुलिस ने युनुस के परिजनों को सूचना दी। युनुस की मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। युनुस की आठ माह पहले ही शादी हुई थी। परिवार में अकेले कमाने वाले युनुस की मौत के बाद आर्थिक संकट गहरा गया है। युनुस अपनी भांजी की शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे। रात दिन कठिन परिश्रम कर युनुस भांजी की शादी की तैयारी के लिए धन एकत्र कर रहे थे। लेकिन कुदरत को कुछ ओर ही मंजूर था। युनुस की मौत के बाद परिजनों के सपने बिखर गए। परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है।