लीड-छात्र का गला रेत कर शव बाजरे के खेत में फैंका
बहजोई (संभल)। सुबह के समय घर से ई-रिक्शा चलाने को लेकर निकले छात्र का शव शाम को बाजरे के खेत में मिला। छात्र की गला रेत कर हत्या करने के बाद शव ढकारी की मढ़ैय्यां में बाजरे के खेत मेें फैंक दिया गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस समेत एएसपी व सीओ भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
गुरुवार को शाम साढ़े सात बजे करीब थाना क्षेत्र के गांव ढकारी की मढ़ैय्यां के एक बाजरे के खेत में एक किशोर का शव पड़ा हुआ देखा गया। किशोर का गला रेतकर हत्या की गई थी। शव की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर घटना की जानकारी ली। जांच-पड़ताल में किशोर के शव की शिनाख्त नगर के मोहल्ला बंबा रोड निवासी अंकित पुत्र साधु (14 वर्ष) के तौर पर हुई। पुलिस की सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। अपर पुलिस अधीक्षक संभल पंकज पांडेय भी मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी ली। किशोर के पिता के मुताबिक किशोर अंकित एक निजी स्कूल में कक्षा चार में पड़ता था। वह अपने कोर्स की किताबें खरीदने के लिए सुबह साढ़े सात बजे करीब घर में खड़ा ई-रिक्शा लेकर चलाने निकल पड़ा। दोपहर को उसके फोन पर बात करनी चाही। तो उसका फोन उसके पास नहीं था। फोन किसी और ने उठाया और बाद मेें फोन उठाने वाले ने बात नहीं की। इसके बाद शाम को कुछ लोगों ने उसे ई-रिक्शे में बैठाकर किसी महिला को ले जाते हुए देखा था। इसके बाद शाम को सूचना मिली कि बेटे का शव बाजरे के खेत में पड़ा है। पिता के मुताबिक वैसे तो उसकी किसी से बड़ी रंजिश नहीं है। कुछ समय पहले एक व्यक्ति से कहासुनी हो गई थी। इसी के चलते वह व्यक्ति कुछ दिन पहले घर पर भी बच्चों से झगड़ा करके गया था।