जिला डेंगू की चपेट में, छात्र समेत दो की मौत
चंदौसी संयुक्त चिकित्सालय क्षेत्र में पिछले 23 दिनों में 13 लोगों की जान गई
अमर उजाला ब्यूरो
चंदौसी(संभल)।
कभी बरसात तो कभी भीषण गर्मी व उमस भरे मौसम के बाद जिले में बीमारियां फैलने लगी है, इसी बीच डेंगू बुखार ने भी अपने पैर पसार लिए हैं। चंदौसी क्षेत्र में बुधवार को भी एक छात्र समेत दो लोगों की डेंगू की चपेट में आकर मौत हो गई। पिछले 23 दिनों में चंदौसी क्षेत्र में 13 लोगों की बुखार से मौत हो चुकी है। लगातार लोग बुखार से जूझ रहे हैं। जिले के चिकित्सालयों में डाक्टरों की भारी कमी है। लेकिन इसके बावजूद रोगियों की भीड़ उमड़ रही है।
बरसात के बाद जहां तहां भरे पानी के बाद मच्छरों की पैदावार में भी इजाफा हो गया है, जिसके कारण क्षेत्र में डेंगू बुखार ने पैर पसारने शुरू कर दिए है। चंदौसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के भुलावई गांव निवासी मुकेश कुमार का पुत्र विशाल (15) शहर के राजेश कुमार सरस्वती विद्या मंदिर में कक्षा नौ का छात्र था। चार दिन पूर्व उसे बुखार आया। परिजनों ने शहर के एक निजी चिकित्सक के विशाल को उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां परीक्षण के दौरान डेंगू बुखार की पुष्टि हुई। परिजन उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले गए। जहां उसकी उपचार के दौरान मंगलवार की शाम दम तोड़ दिया। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ था। क्योंकि विशाल पांच बहनों के बीच अकेला भाई था। सभी का रो रोकर बुरा हाल है।
इधर ग्राम रसूलपुर कैली निवासी मोहन सिंह जाटव (55) पुत्र गंगाराम पिछले दो सप्ताह से बुखार से पीड़ित था। जिसका शहर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। सुधार न होने पर चिकित्सक ने रक्त परीक्षण कराया। जिसमें डेंगू बुखार की पुष्टि हुई। मोहन सिंह की मंगलवार की शाम पांच बजे उपचार के दौरान मौत हो गई। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। डेंगू बुखार की चपेट में आने से क्षेत्र में यह तेरहवीं मौत है।
23 अगस्त:अंकित पुत्र जगराम अलावलपुर
30 अगस्त: राजेश्वरी पत्नी चंद्रपाल कुढ़ फतेहगढ़
30 अगस्त:प्रीति पुत्री सत्यपाल कुढ़ फतेहगढ़
01 सितंबर:सचिन पुत्र मुनेश कुमार कुढ़ फतेहगढ़
01 सितंबर:कल्लू पुत्र रफेदीन मुहम्मदपुर बाबई
02 सितंबर:अजीम पुत्र मुशरफ अली नवादा
02 सितंबर:शीला देवी पत्नी राधेश्याम हुलास नगर
13 सितंबर:मोहन सिंह पुत्र गंगाराम रसूलपुर कैली
13 सितंबर:विशाल पुत्र मुकेश वाल्मीकि भुलावई
12 सितंबर:सादिक अली पुत्र भूरे खां दियोराखास
09 सितंबर: राजवीर पुत्र बांके लाल गोपालपुर
09 सितंबर: सलीमन पत्नी अहमद हुसैन ढ़कनगला
09 सितंबर: यासीन पुत्र अली जान अकरौली
-जिला अस्पताल में एक अलग से डेंगू वार्ड बनाया गया है, बेड भी आरक्षित किए गए हैं। फीवर हेल्थ डेस्क भी बनाई गई है, जिला अस्पताल के साथ साथ सभी संयुक्त एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था की गई है, वार्ड भी आरक्षित किए गए हैं। जिला अस्पताल में जांच आदि की भी व्यवस्थाएं की गई हैं। लोगों को चाहिए मच्छरदानी लगाएं, घरों की खिड़कियों पर जाली लगाएं, पूरी आस्तीन के कपडे़ पहने, कूलर आदि में स्वच्छ पानी जमा न होने दें। -डा.अमिता सिंह मुख्य चिकित्साधिकारी संभल