प्रभारी मंत्री ने दिए पांच हजार किसानों को ऋण माफी के प्रमाण पत्र
बहजोई (संभल)। फसल ऋण मोचन योजना के तहत बड़ा मैदान पर लगाए गए जिला स्तरीय शिविर में जिले के प्रभारी मंत्री ने पांच हजार किसानों को ऋण माफी के प्रमाण पत्र दिए। इस बीच सांसद समेत भाजपा के दिग्गज जुटे। डीएम व एसपी समेत पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी व्यवस्था बनाए हुए रहे। बारी-बारी वक्ताओं ने अपने संबोधन में मौजूद हजारों किसानों को केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
सोमवार को कलक्ट्रेट के निकट स्थित बड़ा मैदान में फसल ऋण मोचना योजना के तहत आयोजित किए गए जिला स्तरीय शिविर में सुबह साढ़े आठ बजे से लाभार्थी किसानों का जुटना शुरू हो गया। धीरे-धीरे किसानों की संख्या बढ़ती रही और दोपहर 12 बजे तक पांडाल लाभार्थियों की भीड़ से भर गया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से सांस्कृतिक दल की टीम ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। दोपहर साढ़े बारह बजे करीब भाजपा के सांसद सत्यपाल सैनी पहुंचे। इसके बाद एक बजे करीब राज्य मंत्री, सिंचाई, सिंचाई(यांत्रिक), अल्पसंख्यक कल्याण उत्तर प्रदेश शासन व जिले के प्रभारी मंत्री बलदेव सिंह औलख पहुंचे। प्रभारी मंत्री ने शिविर में मौजूद किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल के कारण ही आज किसानों को ऋण माफी के बाद प्रमाण पत्र वितरित किए जा रहे हैं। भाजपा सदैव सबका साथ, सबका विकास चाहती है। सांसद सत्यपाल सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार में जितनी तेजी से देश व प्रदेश का विकास हो रहा है, ऐसा अभी तक किसी भी सरकार में नहीं हुआ है। जिलाध्यक्ष राजेश सिंघल ने भी विचार रखे। जिलाधिकारी आनंद कुमार सिंह ने कहा कि सरकार की महत्वकांक्षी फसल ऋण मोचन योजना के तहत जिले के पांच हजार किसानों को ऋण माफी के प्रमाण पत्र वितरित किए जा रहे हैं। शेष बचे किसानों को तहसील स्तर पर लगाए गए शिविरों में प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। इसके बाद प्रभारी मंत्री ने सांसद, डीएम व एसपी के साथ 53 किसानों को मंच पर बुलाकर बारी-बारी से प्रमाण पत्र दिए। शेष किसानों को पांडाल में ही प्रमाण पत्र दिए गए। कार्यक्रम में चयनित किए गए लाभार्थी किसानों में से बचे किसानों को बैंक शाखाओं से प्रमाण पत्र लेने की बात कही गई। संचालन समाज सेविका संगीता भार्गव व अग्रणी बैंक प्रबंधक सतीश गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में एसपी रविशंकर छबि, सीडीओ प्रेमप्रकाश त्रिपाठी, एडीएम राजेंद्र प्रसाद यादव, डीडीओ अरविंद कुमार, पीडी हरेंद्र सिंह, एआर कॉपरेटिव योगेंद्र पाल सिंह, एडीआईओ मिथलेश कुमार, डीएओ डा. नरेंद्र कुमार, एसडीएम अमित कुमार, प्रतिपाल सिंह चौहान व राशिद अली खां, तहसीलदार संजय कुशवाहा, राकेश कुमार तथा कोतवाल ब्रजमोहन गिरी व एसओ प्रवीन सोलंकी आदि व्यवस्था बनाए हुए थे।