मुरादाबाद। रामगंगा विहार वेब सिनेमा के पीछे सौ बेड के ईएसआई अस्पताल का निर्माण कराने के लिए 150 करोड़ की मंजूरी मिल गई है। मौके पर अभी विभाग ने कार्य शुरू नहीं कराया है। डीएम के माध्यम से कब्जा मिलने के बाद विभाग निर्माण का कार्य कराएगा। जिला प्रशासन ने वेब सिनेमा के पीछे पांच एकड़ जमीन ईएसआई अस्पताल के लिए निर्धारित किया है। इस मामले में जमीन को देखने के लिए मार्च में एक टीम आई थी। टीम ने जमीन का मौके पर मुआयना करने के बाद कानपुर स्थित क्षेत्रीय निदेशक को रिपोर्ट सौंपी थी। इसी आधार पर विभाग ने बजट के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा था। शासन से अस्पताल के लिए 150 करोड़ रुपये की स्वीकृत मिल गई है। विभाग ने निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था का चयन भी कर लिया है। इस मामले में शीघ्र ही कानपुर से एक टीम डीएम से मिलने के लिए आएगी। इसके बाद निर्माण की प्रक्रिया का रास्ता साफ होगा। इधर उद्योग विभाग के संयुक्त आयुक्त योगेश कुमार का कहना है कि जमीन उपलब्ध करा दी गई है। निर्माण का कार्य ईएसआई विभाग को करना है।
00
मौके पर जलभराव, निर्माण नहीं हो रहा
ईएसआई अस्पताल के निर्माण स्थल पर शुक्रवार को भी पानी भरा हुआ है। इस जमी पर सरकारी संपत्ति का बोर्ड लगा है। मैदान में घास उगने के कारण पशुओं के लिए खाली मैदान चारागाह बन गया है। एमडीए इस जमीन के इर्दगिर्द सड़क का निर्माण करा रहा है। तीन दिन पहले उद्योग बंधु की बैठक के दौरान उद्यमियों ने कमिश्नर के सामनने ईएसआई अस्पताल का मुद्दा उठाया था। उस समय ईएसआई के एक कर्मचारी ने बताया कि निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इसको लेकर अधिकारी भी सच मान गए थे।
00
46 हजार कर्मचारी पंजीकृत
जिले के 46217 कर्मचारी ईएसआई (इंप्लाइज स्टेट इंश्योरेंस) में पंजीकृत है। इनमें अधिकतर कर्मचारी पीतल उद्योग से जुड़े हुए हैं। अभी कटघर क्षेत्र स्थित खंडहरनुमा मकान में ईएसआई का अस्पताल संचालित है। यहां एक डॉक्टर और फार्मासिस्ट तैनात हैं। यहां प्राथमिक उपचार की सुविधा है लेकिन मरीजों को भर्ती करने के लिए आवश्यक सुविधा मौजूद नहीं है।
00
- कानपुर से एक टीम डीएम मुरादाबाद से मिलने के लिए शीघ्र भेजी जाएगी। डीएम के निर्देश पर जमीन का कब्जा लेने के बाद ईएसआई अस्पताल का निर्माण शुरू कराया जाएगा।
- केसी झा, क्षेत्रीय निदेशक ईएसआई, कानपुर