मेधावियों के सपनों को मिली उड़ान, हुए सम्मानित
चंदौसी।
अमर उजाला फाउंडेशन एवं तीर्थकर महावीर यूनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को साहू झुन्नी लाल धर्मशाला में देश के भावी भविष्य के हौसलों को उड़ान मिली। एक ओर जहां उनका जीवन की दिशा तय करने को मार्गदर्शन मिला तो वहीं दूसरी ओर उन्हें प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। समारोह में जिले के कई इंटरमीडिएट कालेजों से साठ फीसदी अंकों से अधिक अंकों के साथ उत्तीर्ण होकर आए सैकड़ों विद्यार्थियों ने सहभागिता की। अमर उजाला से मिले सम्मान को पाकर छात्र-छात्राएं खुशी से झूम उठे।
समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी अमित कुमार, विशिष्ट अतिथि कवि माधव मिश्र, वूमेन पावर लाइन की डिस्ट्रिक्ट कोआर्डिनेटर संगीता भार्गव ने की। एमवाई महाविद्यालय आलपुर मैथरा के निदेशक डा.वीके गुप्ता, संस्कार भारती के अध्यक्ष प्रभात कृष्णा, एफआई इंटर कालेज के प्रधानाचार्य वसीमुद्दीन भी मौजूद रहे। अतिथियों को बुके देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि व एसडीएम अमित कुमार ने सामने बैठे सैकड़ों होनहार विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई और जीवन की दिशा तय करने के दौरान आई कठिनाइयों, उनके निवारण की महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए। कई ऐसे टिप्स दिए, जो छात्र-छात्राओं को अपनी जीवन की दिशा तय करने में सहायक सिद्ध होंगे। अखिल भारतीय ब्राह्मण सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कवि माधव मिश्र ने गजल व व्यंग के माध्यम से गुदगुदाते हुए प्रेरक प्रसंगों से विद्यार्थियों के हौसलों को उड़ान दी। शिक्षा से पहले व्यक्ति मानव बनता है, फिर वह समाज की निस्वार्थ सेवा करता है, वहीं गहरा शिक्षित कहलाता है। वूमेन पावर लाइन-1090 की जिला समन्वयक संगीता भार्गव ने छात्राओं की अधिक उपस्थिति पर कहाकि आज हम कह सकते हैंकि महिलाएं किसी से पीछे नहीं है। बस, जरूरत है तो दृढ़ इच्छा शक्ति की। महिला शिक्षा अब बढ़ रही है। डा.वीके गुप्ता व प्रभात कृष्णा ने कहाकि बच्चों को अपना लक्ष्य तय करके दृढ़ता के साथ आगे बढ़ना चाहिए। इसके बाद मुख्य अतिथि अमित कुमार ने लकी ड्रा निकाला। जिसमें आकांक्षा प्रथम रही, इन्हें 15000 की स्कॉलरशिप, अचला चौहान द्वितीय रही, इन्हें 10000 रुपये की स्कॉलरशिप, रिति वार्ष्णेय तृतीय रही, इन्हें 5000 रुपये की सकॉलरशिप तीर्थकर महावीर यूनिवर्सिटी मुरादाबाद द्वारा दी जाएगी। टीएमयू के डा. रवि जैन, डा. केके झा, डा. टीडी सक्सेना व डा. पारितोष शर्मा ने विद्यार्थियों को टीएमयू व उसमें संचालित कोर्सेस की विस्तार से जानकारी दी। इसमें चंदौसी व जिले के आसपास के क्षेत्रों के दर्जनों इंटर कालेजों से उत्तीर्ण विद्यार्थियों ने जोशोखरोश के साथ सहभागिता की। कई विद्यार्थियों के साथ उनके शिक्षक व उनके अ भिभावक भी पहुंचे थे।
सम्मान पाकर खिल उठे विद्यार्थियों के चेहरे
चंदौसी। भविष्य ज्योति सम्मान समारोह का समय भले ही दोपहर 12 बजे का रखा गया था लेकिन विद्यार्थियों में इस कदर उत्साह था कि वह सुबह नौ बजे से ही झुन्नी लाल धर्मशाला में जुटने शुरू हो गए थे।
विद्यार्थियों के लिए यहां बेहतर व्यवस्थाएं भी की गई थी। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे, उन्होंने अमर उजाला को धन्यवाद कहा। अमर उजाला की फ्लैक्सी के साथ सेल्फी भी लीं।