नहाने गए रोजेदार की हौद में डूबकर मौत
- गांव हैबतपुर बंजारा में हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
हसनपुर(अमरोहा)। कोतवाली क्षेत्र के गांव हैबतपुर बंजारा में ट्यूबवेल पर नहाने गया किशोर रोजेदार हौछ में डूब गया। काफी देर बाद उधर गांव का एक व्यक्ति गया तो किशोर हौद में तैरता दिखा। सूचना पर भीड़ लग गई। परिजन उसे हसनपुर ले गए, यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि किशोर रोजे से था।
क्षेत्र के गांव हैबतपुर बंजारा निवासी इलियास का बेटा दानिश(16) शुक्रवार शाम को खेत पर चारा काटकर पड़ोस के ही ट्यूबवेल पर नहाने चला गया था। काफी देर के बाद जब वह ट्यूबवेल के हौद से बाहर नहीं निकला तो गांव का शाहिद उधर गया तो उसे हौद में दानिश तैरता दिखा। जल्द ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में उसे हसनपुर के निजी चिकित्सक को दिखाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि दानिश ने शुक्रवार को रोजा रखा था। वह कई दिनों से रोजा रख रहा था।