मुरादाबाद। टीएमयू में भर्ती मुरादाबाद के एक युवक समेत तीन कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो गई। इनमें एक मृतक संभल निवासी है। शुक्रवार को रैपिड एंटीजन टेस्ट में भाजपा महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्रा समेत 145 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज भी मिले हैं। इनमें पुलिस ट्रेनिंग स्कूल के 19 पुलिस कर्मी और पीएसी 23वीं वाहिनी के 16 जवान भी शामिल हैं। जिले में कोरोना से दम तोड़ने वालों की संख्या बढ़कर 90 और संक्रमण की चपेट में आने वालों की संख्या 3665 पहुंच गई है।
सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने बताया कि असलातपुरा निवासी 35 साल के युवक की गुरुवार रात करीब एक बजे टीएमयू में मौत हो गई। युवक पिछले 15 दिन से बीमार था और निजी अस्पताल में इलाज करवा रहा था। गांधी नगर में एक निजी अस्पताल ने युवक का कोरोना सैंपल कराया। 12 अगस्त को पॉजिटिव आने पर युवक को टीएमयू रेफर किया गया। युवक को सांस लेने में काफी दिक्कत थी। युवक की साल भर पहले ही शादी हुई है और वह प्राइवेट जॉब करता था। डबल फाटक निवासी 60 साल के बुजुर्ग की भी गुरुवार देर रात मौत हो गई। बुजुर्ग को 15 अगस्त को टीएमयू में भर्ती कराया गया था। संभल के 48 वर्षीय संक्रमित ने भी शुक्रवार सुबह पौने दस बजे टीएमयू में दम तोड़ दिया। पॉजिटिव आने पर 18 अगस्त को संभल से टीएमयू रेफर किया गया था।
सीएमओ डा. गर्ग ने बताया कि शुक्रवार को भाजपा महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्रा समेत 145 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। रैपिड एंटीजन में 54 और आरटीपीसीआर में 70 संक्रमित आए हैं। जबकि 21 पॉजिटिव निजी और जिला अस्पताल की लैब से आए हैं। महानगर अध्यक्ष रैपिड एंटीजन में पॉजिटिव आने के बाद होम आइसोलेट किए गए हैं। रैपिड एंटीजन में सर्वाधिक 11 मरीज हरथला, 10 बिलारी, डिलारी और बंगला गांव से आठ-आठ, टाउन हॉल, मझोला, किसरौल और भोजपुर से तीन-तीन संक्रमित मिले हैं। कानून गोयान, मूंढापांडे और कुंदरकी से एक-एक संक्रमित मिला है।
सीएमओ के मुताबिक आरटीपीसीआर से 70 संक्रमित मरीजों में पीटीएस के 15 पुलिस कर्मी, पीएसी 23वीं वाहिनी के नौ सिपाही, 9वीं वाहिनी पीएसी का एक जवान और पुलिस लाइन का एक सिपाही भी पॉजिटिव है। बंगला गांव से पान, दीवान का बाजार से नौ लोग और एक नर्सिंग होम का एक कर्मचारी संक्रमित आया है। बाकी मरीज डिलारी, सूर्य नगर, फरीदपुर, बुद्धि विहार, गढ़ी कांठ, गुलाबबाड़ी, खुशहालपुर, हिमगिरी, जिगर कालोनी, चंद्र नगर, हरथला, टीडीआई सिटी, आदर्श नगर क्षेत्र के हैं। कटघर से एक ही परिवार के तीन और आठ साल की बच्ची समेत तीन पॉजिटिव हैं। 21 मरीज एसआरएल लैब और जिला अस्पताल की लैब से आए हैं। इनमें भी 23 वीं वाहिनी पीएसी के सात और पीटीएस के चार पुलिस कर्मी पॉजिटिव आए हैं।