मुरादाबाद। मतदान टोलियों की रवानगी के लिए सर्किट हाउस के पीछे स्थित आवास विकास का मैदान सज गया है। यहां मतदान टोलियों की रवानगी के लिए किए गए इंतजामों का शनिवार को जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। मतदान केंद्रों पर भी बेरिकेडिंग का कार्य शुरू हो गया है।
23 अप्रैल को मतदान है। पोलिंग पार्टियाें को 22 अप्रैल की दोपहर तक ही रवाना कर दिया जाएगा। पोलिंग पार्टियों को रवाना करने के लिए सर्किट हाउस के पीछे खाली पड़े आवास विकास के मैदान पर व्यवस्थाएं की गई हैं। बड़ा सा पंडाल बनाकर यहां विधानसभा क्षेत्रवार पोलिंग पार्टियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। डीएम ने शनिवार को व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके अलावा लोकसभा क्षेत्र में सभी मतदान केंद्रों पर भी तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। ज्यादातर मतदान केंद्रों पर बेरिकेडिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है।