ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद)।
क्षेत्र में तेंदुए का खौफ बरकरार है। गांव पानूवाला के पास तेंदुआ दिखाई देने से हड़कंप मच गया। करीब आधे घंटे तक पानूवाला मार्ग पर यातायात बंद रहा। उधर बालापुर में तेंदुए के हमले के बाद ग्रामीणों ने सतर्कता तेज कर दी है। ग्रामीणों ने पूरी रात जागकर अपनी रखवाली की। डीएफओ ने शीघ्र गांव में तेंदुआ पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की बात कही है। गांव पानूवाला के पास तेंदुआ दिखने का वीडियो व्हाटसएप पर वायरल हो गया। जिसमें कहा गया है कि कुछ लोग सोमवार की रात को करीब नौ बजे धार्मिक कार्य से किसी गांव में मिलाद में शामिल होने के लिए जा रहे थे तभी गांव पानूवाला के पास एक तेंदुआ सड़क पर आकर बैठ गया। जिसे देखकर बाइक सवार लोगों के होश उड़ गए। उन्होंने बाइक को कुछ दूर ले जाकर खड़ा किया। फिर टार्च की और बाइक की रोशनी में सड़क पर बैठे तेंदुए की मोबाइल से वीडियो बना ली। करीब आधे घंटे तक तेंदुआ सड़क पर बैठा रहा। इस दौरान सड़क पर यातायात ठप रहा। मंगलवार को तेंदुए के इस वीडियो को वायरल कर दिया गया। ठाकुरद्वारा वन विभाग के रेंजर दिनेश कुमार को भी यह वीडियो प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि वीडियो के बारे में जांच की जा रही है। रेंजर का कहना है कि मंगलवार को वन विभाग की टीम ने बालापुर और कोठा महमूद का दौरा किया। लोगों को तेंदुए से सतर्क रहने, अकेले जंगल में न जाने, जंगल में जाने पर कोई आवाज की वस्तु बजाने की सलाह दी। उधर गांव बालापुर के लोगों ने तेंदुए के डर से पूरी रात जागकर काटी। घरों के आगे आग जलाई। ग्राम प्रधान महेंद्र सिंह ने बताया कि गांव में लगातार पांच माह में दूसरी घटना होने से ग्रामीणों में भारी दहशत है। उन्होंने वन विभाग से तेंदुआ पकड़ने के लिए शीघ्र ठोस उपाय करने की मांग की है। डीएफओ का कहना है कि वन विभाग के पास तेंदुआ पकड़ने के लिए सीमित साधन हैं। वे शीघ्र बालापुर में पिंजरा लगवाकर तेंदुए को पकड़ने का प्रयास करेंगे। उनका कहना है कि तेंदुआ अब क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति का आदि हो गया है।