शहर में क्रिसमस के त्योहार का उल्लास छाया हुआ है। शहरवासी पूरी तरह से त्योहार की खुमारी में डूबे हैं। चर्चों में प्रार्थना के लिए मसीही समाज के लोग उमड़ रहे हैं तो वहीं बाजार में भी सजावट और केक का सामान लेने के लिए पहुंच रहे हैं। ग्राहकों के उत्साह से दुकानदारों के चेहरे खिले हुए हैं।
फिलिप मैथोडिस्ट चर्च पीलीकोठी पर गुरुवार को क्रिसमस प्ले का आयोजन हुआ। बच्चों ने प्रभु यीशु के जन्म की झांकियों का मंचन कर मन मोह लिया। पादरी रोहित मैसी और पादरी अनिल ने प्रार्थना कराई। वहीं, सेंट एंथनी चर्च में भी श्रद्धालु प्रार्थना के लिए पहुंचे।
ताड़ीखाना, जीएमडी रोड और बाजार गंज में दुकानों पर क्रिसमस ट्री, सांता क्लाज, स्टार, रीत बेल के अलावा प्रभु यीशु के जन्म से संबंधित पोस्टर और बैनर ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। वहीं, केक की दुकान पर सुबह दस बजे से लेकर रात 11 बजे तक लोग पहुंच रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि मुरादाबाद के अलावा दिल्ली, रामनगर, काशीपुर, अमरोहा, चंदौसी, पीलीभीत आदि जगहों से लोग केक बनवाने के लिए आ रहे हैं।