मुरादाबाद। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए बने परीक्षा केंद्रों का भौतिक सत्यापन शुरू हो गया है। अधिकारियों को अपने निरीक्षण में केंद्रों पर वायस रिकॉर्डर और एक सीसीटीवी कैमरे की कमी मिल रही है। इसके अलावा कुछ केंद्रों पर फर्नीचर की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। अधिकारियों को अपनी रिपोर्ट 15 नवंबर तक जमा करनी है।
बोर्ड परीक्षा के लिए मुरादाबाद में इस वर्ष 121 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। शासन के निर्देश पर चार एसडीएम, एडीएम प्रथम और एडीएम द्वितीय के अलावा 27 विभागीय टीम बनाई गई हैं। इन अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं (फर्नीचर, दोनों ओर सीसीटीवी कैमरा, वायस रिकॉर्डर, बिजली कनेक्शन, पेयजल, शौचालय आदि) की जांच करनी है। बताया जाता है कि ग्रामीण क्षेत्र के कुछ वित्तविहीन स्कूलों ने अपने यहां केंद्र बनाए रखने के लिए व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली हैं, जबकि ज्यादातर जिसमें शहरी क्षेत्र के अशासकीय विद्यालय भी शामिल हैं, के यहां पर सीसीटीवी और वायस रिकॉर्डर नहीं मिल रहा है। कुछ स्कूलों में क्षमता से अधिक परीक्षार्थियों का आवंटन भी मिला है। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार द्विवेदी ने बताया कि टीम को 15 नवंबर तक रिपोर्ट देनी है। उसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।