बिलारी। शुक्रवार की रात और शनिवार की सुबह बिलारी क्षेत्र में हुई अधिक बारिश ने विद्युत आपूर्ति ठप कर दी। नगर में हाईटेंशन लाइन का विद्युत पोल झुक जाने की वजह से दिन के समय में नगर और देहात इलाके में छह घंटे तक विद्युत आपूर्ति ठप रही।
बिलारी नगर में हाईवे चौड़ीकरण कार्य के दौरान शमशान घाट के सामने जो गहरा नाला बनाया गया है उस नाले के किनारे पर खड़ा हाईटेंशन लाइन का विद्युत पोल बारिश का पानी जमा हो जाने की वजह से झुक गया और लाइन ब्रेकडाउन का शिकार हो गई। बिलारी देहात बिजलीघर पर तैनात एसएसओ अनूप कुमार ने बताया कि झुका विद्युत पोल ठीक करने के लिए शटडाउन लेना पड़ा। ऐसी स्थिति में बिलारी नगर और बिलारी देहात के पूरे इलाके में सुबह साढ़े आठ बजे से लेकर दोपहर ढाई बजे तक विद्युत आपूर्ति रोकनी पड़ी। बिलारी देहात बिजलीघर के ईस्ट और नॉर्थ ईस्ट फीडर पर शुक्रवार की रात ट्रिपिंग की वजह से कई घंटे विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई।