महानगर में स्मार्ट सिटी की योजनाओं पर विकास कार्य होने का रास्ता साफ हो गया है। मुरादाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड के निदेशक मंडल की पहली बोर्ड बैठक कमिश्नर आफिस में सोमवार को हुई। इसमें कमिश्नर को स्मार्ट सिटी कंपनी का अध्यक्ष और नगर आयुक्त को सीईओ नामित किया गया। बैठक में स्मार्ट सिटी का आफिस रामगंगा विहार के एमडीए के भवन में बनाने पर सहमति व्यक्त की गई। बैठक में तय हुआ कि पीएमसी ही डीपीआर तैयार कर 20.26 करोड़ के विकास कार्य कराएगी।
पिछले दिनों एसपीवी (स्मार्ट परपज व्हीकल) के गठन के साथ ही मुरादाबाद स्मार्ट सिटी का पंजीकरण लिमिटेड कंपनी के रूप में हो गया। अब पीएमसी (प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसलटेंट) का गठन किया जाना है। बैठक में कमिश्नर अनिल कुमार राज को अध्यक्ष नामित किया गया। एमडीए की वीसी कनक त्रिपाठी को निदेशक, नगर आयुक्त अवनीश कुमार शर्मा को सीईओ, भारत सरकार में नगर विकास मंत्रालय के अवर सचिव राम सिंह, जल निगम के मुख्य अभियंता राजीव कुमार शर्मा, उप्र सरकार में स्थानीय निकाय के उप निदेशक राजेंद्र प्रसाद त्रिपाठी और सहयुक्त निदेशक विवेक भास्कर को निदेशक बनाया गया। पहली बोर्ड बैठक में सीईओ अवनीश कुमार शर्मा द्वारा 24 प्रस्ताव रखे गए, जिनको एकमत होकर पास कर दिया गया। स्मार्ट सिटी प्रभारी व उप नोडल अधिकारी टीएन मिश्रा ने बताया कि अब एक महीने में पीएमसी का गठन कर लिया जाएगा। उसके बाद पीएमसी ही कंपनियों को आमंत्रित करेगी और विकास कार्यों की डीपीआर तैयार करेगी। । स्टाफ की नियुक्ति प्रतिनियुक्ति व आउटसोर्सिंग के आधार पर की जाएगी। जल्द ही आडिटर की तैनाती कर दी जाएगी। इसके साथ ही विकास कार्य शुरू हो जाएंगे।
ॅ....