मुरादाबाद। कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले सेवानिवृत्त एडीओ ने पिता-पुत्र पर 14 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का आरोप है कि पिता-पुत्र ने कपड़ा शोरूम में पार्टनर बनाने के नाम पर उनसे रकम ली थी। उन्होंने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के कोठीवाल नगर निवासी प्रताप सिंह सेवानिवृत्त सहायक विकास अधिकारी(एडीओ) हैं। उन्होंने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया है। जिसमें उन्होंने बताया कि पिता-पुत्र ने उन्हें बताया था कि एक मॉल में उनके दो शोरूम हैं। जिसमें कपड़ों का कारोबार करते हैं। उन्होंने बताया था कि पिता-पुत्र ने उन्हें शोरूम में पार्टनर बनने को कहा था। तीनों के बीच हिस्सेदारी तय होने के बाद कागजी प्रक्रिया पूरी कर उन्होंने पिता-पुत्र को 14 लाख रुपये दे दिए थे। इसके बाद वह अपने बेटे संग शोरूम में बैठने लगे। उनका कहना है कि कुछ दिन बाद ही एक और व्यक्ति शोरूम में पहुंचा और उसने खुद को शोरूम का पार्टनर बताया। सेवानिवृत्त एडीओ और उनके बेटे के बैठने का उस व्यक्ति ने विरोध किया। इसकी शिकायत पिता-पुत्र से की गई तो उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। जब उन्होंने इस मामले की शिकायत पुलिस से करने को कहा तो आरोपी पिता-पुत्र ने प्रताप सिंह से समझौता कर लिया। इसके बाद पिता-पुत्र ने उन्हें 14 लाख के चेक दे दिए। सेवानिवृत्त एडीओ ने 15 जनवरी 2021 को 51 हजार की धनराशि का चेक बैंक में लगाया। ये चेक बाउंस हो गया। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने सिविल लाइंस पुलिस को मामले की जांच कर केस दर्ज करने के आदेश दिए हैं।