मुरादाबाद। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से कराई जा रही बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा में सोमवार को मुरादाबाद में 34490 अभ्यर्थी बैठेंगे। दो पालियों में हो रही परीक्षा का आयोजन 69 केंद्रों पर किया जा रहा है। रविवार को नोडल केंद्र हिंदू कालेज में पर्यवेक्षकों की बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला समन्वयक ने कहा कि परीक्षा की सभी तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं।
परीक्षा सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी। जिला समन्वयक व प्राचार्य हिंदू कालेज डॉ. केसी गुप्ता ने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से मुरादाबाद में परीक्षा के लिए दो पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं, जबकि स्थानीय स्तर पर प्रत्येक केंद्र के लिए दो-दो पर्यवेक्षक बनाए गए हैं। जिले के 138 पर्यवेक्षकों ने रविवार को केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी, अभ्यर्थियों के बैठने, पेयजल, बिजली और क्लाक रूम की सुविधा की जांच की और फोटो वॉट्सएप ग्रुप पर भेजे। सभी पर्यवेक्षकों को सोमवार सुबह सात बजे केंद्रों पर पहुंचना है। उन्होंने कहा कि परीक्षा में सख्ती के लिए सभी केंद्रों पर 35 सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। प्रत्येक दो केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक केंद्र एक सेक्टर मजिस्ट्रेट है। उन्होंने कहा कि कक्ष निरीक्षकों को प्रवेश के समय अभ्यर्थियों की सख्ती से तलाशी लेने के निर्देश दिए हैं। अभ्यर्थियों को बुकलेट के अलावा तीन उत्तरपुस्तिका का सेट होगा। इसमें ए कापी विश्वविद्यालय जाएगी और बी कापी ट्रेजरी में जमा हो जाएगी, जबकि सी कापी अभ्यर्थी को दी जाएगी। परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों से बुकलेट वापस ली जाएगी और उनका प्रवेश पत्र भी जमा करवा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शांति पूर्ण तरीके से परीक्षा संपन्न होगी।