मुरादाबाद। त्यौहार, चुनाव सहित अन्य मौकों पर जब पुलिस बल की कमी महसूस हो तो मदद के लिए प्रत्येक थानाक्षेत्र में ढाई सौ डिजिटल वालंटियर्स बनाए गए हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान भी पुलिस ने इनकी मदद ली थी, अब होली और चुनाव को देखते हुए एक बार फिर से सक्रिय किया जाएगा। करीब पांच हजार डिजिटल वालंटियर्स सोशल मीडिया सहित अपने आसपास के स्थानों पर नजर रखेंगे और संदिग्धों के बारे में पुलिस को सूचना देंगे, जिससे कि किसी प्रकार का विवाद न हो सके। शहर में शांति व्यवस्था बनी रहे।
एसपी सिटी अंकित मित्तल ने बताया कि सभी डिजिटल वालंटियर्स से व्हाटसएप ग्रुप पर स्थानीय पुलिस जुड़ी हुई है और लगातार उनसे संपर्क में रहकर पुलिसकर्मी जानकारी जुटाते हैं। जल्द ही प्रत्येक थानाक्षेत्र में डिजिटल वालंटियर्स के साथ बैठक कर पुलिस उनको जागरूक करेगी। एसएसपी ने बताया कि डिजिटल वालंटियर्स की मदद से मिश्रित आबादी वाले इलाकों में विशेष तौर पर निगरानी की जाएगी। अफवाह फैलने से रोकने में डिजिटल वालंटियर्स पुलिस के लिए मददगार साबित हुए हैं, वह न केवल स्थानीय लोगों को ही जागरूक करते हैं। बल्कि स्थानीय लोगों के सोशल मीडिया पर बने अकाउंटों पर भी नजर रखते हैं, जिससे की किसी प्रकार का दुष्प्रचार न हो सके और किसी की भावना को आहत करने वाली पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होने से रोकी जा सके। व्हाटसएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम, टिवटर पर डिजिटल वालंटियर्स के सदस्य मौजूद रहेंगे।