शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए शुक्रवार को मंडलायुक्त यशवंत राव की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। इसमें कमिश्नर ने रेलवे स्टेशन से लेकर रोडवेज बस अड्डे तक डिवाइडर बनाने के निर्देश निगम अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। आयुक्त ने कहा है कि बीच में आने वाले चौराहे पर भी डिवाइडर बने। इसके अलावा जाम का सबब बन रही रोडवेज बसों का भी चालान करने के निर्देश आयुक्त ने यातायात पुलिस को दिए हैं।
कमिश्नर सभागार में हुई बैठक में मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि रोडवेज की बसें बस अड्डे के अंदर ही खड़ी हों। परिवहन निगम के अधिकारियों को मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि रोडवेज बसें निर्धारित स्टॉपेज पर ही सवारियां उतारें और बैठाएं। उन्होंने एसपी यातायात को निर्देश दिया कि यदि निर्धारित स्टॉप के अलावा कहीं सड़क पर रोडवेज की बस सवारियां उतारती दिेखती है तो उसका चालान करें। आयुक्त ने कहा कि रात 10 बजे से सुबह आठ बजे तक शहर में भारी वाहनों की नो एंट्री है। एसपी सिटी, एसपी यातायात और एआरटीओ प्रवर्तन इसका सख्ती से पालन कराएं। नो एंट्री में घुसे वाहनों पर भारी जुर्माना लगाया जाए। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर में जहां कहीं भी बिजली के खंभे सड़क के बीच में आ रहे हैं उन्हें तुरंत हटाया जाए। हाईवे के कट बंद कर यू टर्न बनाने के निर्देश भी आयुक्त ने दिए हैं। शहर में सीवर के लिए जल निगम द्वारा कराई जा रही खुदाई की वजह से भी यातायात बाधित हो रहा है। आयुक्त ने जल निगम के अभियंता को निर्देश दिया है कि एसपी यातायात से समन्वय बनाकर कार्य कराएं। ताकि पुलिस की मदद से इन मार्गों पर यातायात को वन वे किया जा सके। बैठक में एसपी सिटी अंकित मित्तल, संभागीय परिवहन अधिकारी आरआर सोनी व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।