सोनकपुर स्टेडियम में बुधवार को खेल निदेशालय लखनऊ के तत्वावधान में पंडित दीनदयाल उपाध्याय राज्य स्तरीय सीनियर बॉक्सिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता आठ दिसंबर तक खेली जाएगी। पहले दिन कुल 26 मैच खेले गए, जिसमें मेरठ, कानपुर, वाराणसी और मुरादाबाद के खिलाड़ियों ने तीन-तीन मुकाबलों में जीत दर्ज की। खिलाड़ियों ने रोमांचकारी प्रदर्शन किया। रिंग के बाहर खड़े अन्य खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश कोषाध्यक्ष प्रिया अग्रवाल रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच शुरू कराए। कहा कि शहर में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता होने से अन्य खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन होगा। उन्होंने हार-जीत की भावना से अलग हटकर खिलाड़ियों से खेल भावना से खेलने का आह्वान किया। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष राजू कालरा ने कहा कि बॉक्सिंग खिलाड़ियों को शारीरिक रूप से फिट रखने के साथ विपरीत परिस्थितियों से बचने के काम आता है। इस दौरान क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना, प्रशिक्षक एसके क्षेत्री, अजय विक्रम पाठक, रंजीत राज आदि मौजूद रहे।
पहले दिन के मुकाबले
पहले दिन अलीगढ़ के दिनेश कुमार ने बरेली के गिर्राज नंदन को, मुरादाबाद के हरकिशोर सैनी ने मेरठ के नितिन को, अयोध्या के पंकज कुमार सोनकर ने लखनऊ के मोहम्मद इलियास को, वाराणसी के प्रदीप कुमार सैनी ने मुरादाबाद के मयंक कुमार को, मुरादाबाद के मोहित शर्मा ने अयोध्या के कमलेश गुप्ता को, आगरा के मोहित ठाकुर ने अलीगढ़ के सागर तोमर को, मेरठ के देवेंद्र कुमार ने बरेली के देवेंद्र कुमार को, झांसी के लोकेंद्र सौरभ ने वाराणसी के नईम अख्तर अंसारी को, कानपुर के प्रशांत राना ने लखनऊ के परमात्मा मिश्रा को हराया। मेरठ के सुनील ने आगरा के सन्नी गौतम को, आजमगढ़ के अभिषेक कुमार सिंह ने मुरादाबाद के पंकज कुमार सैनी को, वाराणसी के अभिषेक कुमार यादव ने गोरखपुर के अमृत कुमार शुक्ला को, कानपुर के राहुल कुमार ने अयोध्या के विशाल मौर्या को, लखनऊ के सौरभ वर्मा ने सहारनपुर के धनंजय वैद्यवन को, गोरखपुर के राजीव रंजन सिंह ने सहारनपुर के आशीष कुमार को, लखनऊ के अभिजीत यादव ने वाराणसी के गोपाल यादव को, प्रयागराज के जितेंद्र कुमार पटेल ने अलीगढ़ के अजीजुर रहमान को, आगरा के मनोज राजपूत ने कानपुर के अलौकिक शुक्ला को, मुरादाबाद के विनय कुमार ने झांसी के फहीम अहमद को, वाराणसी के शिवप्रताप साही ने सहारनपुर के अंकित को, अयोध्या के मोहम्मद नसीम ने प्रयागराज के आलोक गुप्ता को, झांसी के विक्रम प्रताप सिंह ने मुरादाबाद के सौरभ राना को, लखनऊ के हेमेंद्र तिवारी ने आगरा के आशीष शर्मा को, सहारनपुर के विशाल मंसूरी ने झांसी के बिजेंद्र यादव को, मेरठ के केशव मान ने प्रयागराज के अंकित शुक्ला को, कानपुर के गौरव ने गोरखपुर के विशाल निसाद को शिकस्त दी।
एक साथ रिंग में उतरे तीन देवेंद्र
प्रतियोगिता के दौरान एक अजब संयोग उस वक्त देखने को मिला, जब रिंग में एक साथ तीन देवेंद्र उतरे। यह इत्तफाक प्रतियोगिता के सातवें मैच में हुआ। इसमें खेलने वाले दोनों खिलाड़ी भी देवेंद्र और मैच रेफरी भी देवेंद्र थे। एक साथ जब तीनों के नाम पुकारे गए तो कुछ पल के लिए कौतूहल बन गया। इसमें मेरठ के देवेंद्र कुमार ने बरेली के देवेंद्र कुमार को शिकस्त दी और लखनऊ के रेफरी देवेंद्र कुमार ने खिलाड़ी को विजेता घोषित किया।