भारतीय सवर्ण महासभा के तत्वावधान में विभिन्न संगठनों ने भाजपा के विरोध करने का एलान किया है। भाजपा के पूर्व विधायक रिटायर्ड मेजर जनरल जे पी सिंह ने कहा है कि जिन राज्यों में चुनाव हो रहा है, वहां पर सवर्ण समाज के लोग भाजपा का विरोध करेंगे। राजस्थान में तो विरोध में प्रचार शुरू कर दिया है। दो दिसंबर को गजरौला में दिल्ली हाईवे जाम किया जाएगा। अब संगठन आरपार की लड़ाई लड़ेगा और एक्ट में संशोधन के वापस होने तक चैन से नहीं बैठेगा।
सर्किट हाउस में विभिन्न संगठनों के साथ बैठक में कहा कि भाजपा सरकार का एससी एसटी एक्ट में संशोधन का कदम आत्मघाती साबित होगा। राजपूत समाज सहित सभी सवर्ण जातियां इसके विरोध में एक मंच पर आ र्गइं हैं। भाजपा के विधायकों, सांसदों को ज्ञापन देकर संशोधन को तत्काल वापस लेने की अपील की जाएगी। जिन राज्यों में चुनाव होगा, वहां पर सवर्ण समाज भाजपा का विरोध करेगी। यूपी में लोकसभा चुनावों में भाजपा को अपनी ताकत का अहसास कराएंगे।
एक्ट में संशोधन के विरोध में दो दिसंबर को अमरोहा के गजरौला क्षेत्र में भानपुर के पुल पर हाईवे जाम किया जाएगा। वहीं से राजपूत समाज अपने अगले आंदोलन का एलान करेगा। बैठक को महासभा के मंडल प्रभारी भंवर सिंह चौहान, महानगर अध्यक्ष भवनीश सिंह सैंगर, जिलाध्यक्ष राजपूताना क्षत्रिय महासभा राजकुमार चौहान, चंदमणि ठाकुर, रंजीत सिंह, अरविंद राठौर, देवेद्र शिशौदिया, वीपी सिंह, अशोक शर्मा, संजय सिंह, वीरेंद्र सिंह चौहान और राजेंद्र सिंह आदि ने भी संबोधित किया।