पिछले तीन दिन से रुक-रुक कर हो रही बारिश और तेज हवा से जनपद की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। शहर से लेकर गांव तक घंटाें बिजली गुल होने से उपभोक्ता परेशान रहे। पिछले चौबीस घंटे में कुछ घंटे ही बिजली आपूर्ति हो पाई है।
रविवार रात से लेकर सोमवार सुबह तक बारिश हुई। जिससे बिजली निगम ने आपूर्ति बंद कर दी थी। सुबह बारिश रुकी तो बिजली आपूर्ति शुरू की गई। दोपहर में फिर से बारिश शुरू हो गई। बिजली विभाग ने एहतियातन आपूर्ति बंद कर दी। बारिश और तेज हवा से मूंढापांडे में बिजली लाइन पर पेड़ गिर गया। जिससे आपूर्ति ठप हो गई। लाइन क्षतिग्रस्त होने से कई गांवों की आपूर्ति बाधित हुई। भोजपुर क्षेत्र में ही सोमवार को दिन भर लोग बिजली के लिए परेशान रहे। कटघर के पीतल बस्ती, सीतापुरी और मकबरा, गलशहीद, जीआईसी व मुगलपुरा में सुबह से रात तक कई बार बिजली आपूर्र्ति बाधित हुई। कबीर नगर में दस घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। जिससे उपभोक्ताओं को खासी परेशानियां झेलनी पड़ी।