बिलारी। नगर के शंभूनाथ मंदिर में चल रहे श्री गणेश महोत्सव के दूसरे दिन कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया गया शिव तांडव का प्रसंग आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम स्थल पर श्री गणेश महोत्सव आयोजन सेवा समिति के सदस्यों द्वारा विशेष पूजा अर्चना करने के बाद कलाकारों ने मंच पर आकर शिव तांडव और शिव के अघोरी रूप की झांकियां प्रस्तुत कीं। इस दौरान जिस समय शिव ने अघोरी रूप में अवतार लिया तब पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और गणपति बप्पा मोरिया मंगल मूर्ति मोरिया के जयकारे गूंजने लगे। गणेश महोत्सव के कार्यक्रम देखने के लिए मौके पर महिलाओं और बच्चों की भारी भीड़ जुटी। शांति व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर महिला दारोगा इंद्रवती के नेतृत्व में कई महिला पुलिस कर्मी भी तैनात रहीं। कार्यक्रम आयोजन में दीप गुप्ता, राम गुप्ता, सुमित गुप्ता, मनोज गुप्ता, सचिन गुप्ता, अमित सिन्हा आदि का सहयोग रहा।