डिलारी। थाना क्षेत्र के सुलतानपुर खद्दर गांव निवासी शौकत अली के घर गुरुवार की सुबह साढ़े चार बजे घर की दीवार फांद कर तेंदुआ घर में घुस आया। तेंदुए ने चारपाई पर सो रहे अलाउद्दीन पर हमला बोल दिया। अलाउद्दीन ने तेंदुए पर चादर फेंककर अपनी जान बचाई। परिजनों की चीख पुकार सुन कर दौड़े ग्रामीणों को देख तेंदुआ जंगल में फरार हो गया। रोजाना गांव में तेंदुआ देखे जाने से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। तेंदुए के खौफ के चलते पूरे दिन गांव में बच्चे कैद हो कर रहे गए। ग्राम प्रधान अनिल कुमार ने वन विभाग को सूचित कर तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।