मुरादाबाद रेल मंडल में रविवार रात धनेटा के पास रेल पटरी चटक गई। गनीमत रही कि इस दौरान कोई ट्रेन नहीं गुजरी। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। पटरी चटक जाने की जानकारी से रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर इंजीनियरिंग विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ट्रेनों का संचालन बंद कर ट्रैक की मरम्मत की गई। करीब एक घंटे बाद ट्रैक ठीक करने के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया। पटरी टूटने की वजह से मोरध्वज एक्सप्रेस, फैजाबाद एक्सप्रेस, लखनऊ मेल और एसी एक्सप्रेस ट्रेेनें जहां तहां रोक दी गई थी। ट्रैक ठीक होने के बाद इन ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया।
मसूरी एक्सप्रेस का ब्रेक जाम
मुरादाबाद। दिल्ली से देहरादून जाने वाली मसूरी एक्सप्रेस का ब्रेक जाम हो गया। चालक ने कीरतपुर के पास इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। ब्रेक की मरम्मत करने के बाद ट्रेन रवाना की गई। ब्रेक जाम होने की वजह से ट्रेन यहां सुबह सात बजकर 55 मिनट से आठ बजकर 18 मिनट तक यहां खड़ी रही।
मालगाड़ी का इंजन फेल
मुरादाबाद। पीतांबरपुर के पास सोमवार दोपहर बारह 48 मिनट पर मालगाड़ी का इंजन फेल हो गया। चालक ने इसकी जानकारी रेलवे कंट्रोल रूम में देने के साथ ही इंजन स्टार्ट करने का प्रयास किया। लेकिन इंजन स्टार्ट नहीं हुआ। इंजन को ठीक करने के बाद एक बजकर 27 मिनट पर ट्रेन आगे के लिए रवाना की गई।