ठाकुरद्वारा। कमालपुरी डिलारी मार्ग पर स्थित एक गांव में कूड़ा डाल कर लौट रही युवती को गन्ने के खेत में खींचकर दुष्कर्म की कोशिश हुई। शिकायत करने पर आरोपी ने युवती के परिजनों को जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली के एक गांव की युवती 21 जुलाई को सुबह करीब नौ बजे अपने खेत में कूड़ा डालकर घर वापस लौट रही थी। तभी रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे गांव के युवक ने उसे पकड़ लिया और जबरन खींचकर गन्ने के खेत में ले गया। आरोप है कि वहां पर उसने युवती के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। युवती किसी तरह शोर मचाते हुए उसके चंगुल से छूटकर अपने घर पर पहुंची। परिजनों को घटना की सूचना दी। जिस पर परिजन शिकायत करने आरोपी के घर पर पहुंचे। तो आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित युवती ने इस संबंध में कोतवाली ठाकुरद्वारा पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। जिस पर युवती ने सोमवार को सीओ को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।