धनारी। गांव निवासी एक युवक हरियाणा में मजदूरी करने के लिए गया था। वहां एक पाइप में वेल्डिंग करने गहराई में चला गया। वेल्डिंग करते समय आग लग गई आग लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। घर लाकर उसे अलीगढ़ में भर्ती कराया गया लेकिन गुरूवार की सुबह उसकी मौत हो गई। धनारी पट्टी लाल सिंह निवासी धर्म सिंह (35) कई महीने पहले हरियाणा में परिवार के साथ मजदूरी करने के लिए गया था। 15 दिन पहले एक मकान में काम कर रहा था। पांच फीट गहराई में लगे पाइप में लीकेज होने के कारण मकान मालिक के कहने पर वह वेल्डिंग करने गया। वेल्डिंग करते समय अचानक मशीन में आग लग गई। जिसकी चपेट में आकर वह अस्सी प्रतिशत तक झुलस गया। परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति देखते हुए बड़े अस्पताल ले जाने के लिए कहा। परिजनों ने घायल को अलीगढ़ मेडिकल में भर्ती कराया। गुरूवार को युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक युवक के पांच मासूम बच्चे हैं। पत्नी चंद्रवती का रो रोकर बुरा हाल है।