मुरादाबाद। त्रिस्तरीय चुनाव में जिले की सबसे बड़ी पंचायत जिला पंचायत में इस बार 13 सदस्य पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। इनमें अनुसूचित जाति की दो तथा पिछड़ी जाति की छह महिलाएं जिपं सदस्य की नुमाइंदगी करती नजर आएंगी। जिलाधिकारी राकेश कुमार की अध्यक्षता वाली चार सदस्यीय कमेटी ने जिपं सदस्यों के आरक्षण की सूची बुधवार जारी कर दी है।
जारी सूची के मुताबिक जिला पंचायत में इस बार 39 सदस्य चुने जाएंगे। अनुसूचित जाति महिला के दो, अनुसूचित जाति के लिए चार, पिछड़ी जाति महिला के लिए चार, पिछड़ी जाति के लिए छह, महिला के लिए सात पद आरक्षित किए गए हैं। 16 सदस्य पद अनारक्षित रहेंगे।
कुंदरकी ब्लाक से चुने जाएंगे सर्वाधिक सदस्य
कुंदरकी विकास खंड में सर्वाधिक छह जिला पंचायत सदस्य चुने जाएंगे। बिलारी, डिलारी और मूंडापांडे ब्लाक से पांच-पांच, ठाकुरद्वारा, छजलैट और भगतपुर टांडा ब्लाक से चार-चार तथा मुरादाबाद ब्लाक से तीन सदस्य चुने जाएंगे। इसके अलावा दो ब्लाकों के सीमावर्ती गांवों को जोड़ कर तीन अन्य वार्ड भी बनाए गए हैं।
कहां किसका आरक्षण
ठाकुरद्वारा विकास खंड में स्थित वार्ड-4 तथा भगतपुर टांडा स्थित वार्ड-39 अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है। डिलारी ब्लाक स्थित वार्ड-5, 7, 8, मुरादाबाद एवं भगतपुर टांडा (मिश्रित) का वार्ड-35 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है।
ठाकुरद्वारा ब्लाक स्थित वार्ड-2, डिलारी ब्लाक स्थित वार्ड-27, 28, मूंढापांडे स्थित वार्ड-30 पिछड़ी जाति महिला के लिए, ठाकुरद्वारा क्षेत्र का वार्ड-3, छजलैट का वार्ड-10, मुरादाबाद एवं छजलैट (मिश्रित) का वार्ड-14, कुंदरकी का वार्ड-20, बिलारी का वार्ड-25 तथा भगतपुर टांडा का वार्ड-37 पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है। डिलारी का वार्ड-9, छजलैट का वार्ड-11 और 12, मुरादाबाद का वार्ड-16, कुंदरकी का वार्ड-19, 23 तथा भगतपुर टांडा का वार्ड-38 महिला के लिए आरक्षित है। जबकि ठाकुरद्वारा ब्लाक का वार्ड-1, डिलारी ब्लाक का वार्ड-6, छजलैट का वार्ड-13, मुरादाबाद का वार्ड-15, 17, कुंदरकी का वार्ड-18, 21, 22, कुंदरकी एवं बिलारी (मिश्रित) के वार्ड-24, बिलारी के 26, 29, मूंढापांडे के वार्ड-31, 32, 33 व 34, भगतपुर टांडा के वार्ड-36 अनारक्षित हैं।
जिला पंचायत सदस्यों का आरक्षण चार्ट
अनुसूचित जाति महिला: 02
अनुसूचित जाति: 04
पिछड़ी जाति महिला: 04
पिछड़ी जाति: 06
महिला: 07
अनारक्षित: 16
कुल: 39