मुरादाबाद। मंडल से गुजरने वाली लगभग 10 ट्रेनें मंगवार को देरी से मुरादाबाद पहुंची। इसके अलावा 13 जोड़ी ट्रेनें बंथरा स्टेशन पर अतिरिक्त लूप लाइन कार्य के कारण अलग-अलग तारीखों में निरस्त की गईं हैं। साथ ही रद्द हो गए हैं तकरीबन 12 हजार यात्रियों के टिकट। इसके कारण दूसरी ट्रेनों में यात्रियों का दबाव दोगुना हो गया है।
आरक्षित कोचों में भी पैर रखने की जगह नहीं है। कंफर्म टिकट होने के बावजूद यात्रियों को अपनी ही सीट तक पहुंचने में मशक्कत करनी पड़ रही है। किसी तरह सीट पर पहुंचने के बाद वहां पहले से कब्जा जमाए बैठे यात्री को हटाना अलग चुनौती हो गया है। मंगलवार दोपहर को मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से गुजरी काशी विश्वनाथ व श्रमजीवी एक्सप्रेस में खचाखच भीड़ थी। स्लीपर बोगियों में भी अनारक्षित यात्री भरे हुए थे। जिन्हें फर्श पर जगह नहीं मिली वे बोगियों के शौचालयों में घुस गए। यहां तक कि बोगी के गेट पर लटककर लोगों ने सफर किया। ज्यादातर यात्री शाहजहांपुर, वाराणसी, बलिया व बिहार जाने वाले थे। ऐसी भीड़भाड़ वाली स्थिति में टीटीई स्टाफ को भी ट्रेन में लोगों के टिकट चेक करने के लिए जगह नहीं मिली।
ट्रेनें लेट होने से करना पड़ रहा इंतजार :
आनंद विहार से दानापुर के बीच चलने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस मंगलवार को मुरादाबाद स्टेशन पर शाम 5:41 बजे पहुंची। जबकि इसे यहां शाम 4:31 बजे तक पहुंचना था। ट्रेन लेट होने के कारण तमाम यात्री स्टेशन पर इंतजार करते दिखे। इन यात्रियों को लखनऊ, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा व दानापुर जाना था। ट्रेन स्टेशन पर पहुंची तो उसमें पहले से काफी भीड़ थी। इन यात्रियों ने भी जैसे तैसे कोच में प्रवेश किया और खड़े होकर सफर किया।