मुरादाबाद में फिल्म शोले की तर्ज पर अपने घरेलू मसले का हल ढूंढने के लिए एक युवक मंगलवार की शाम गंगा मंदिर के नजदीक टावर पर चढ़ गया। यह नजारा देखने के लिए आस पास के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई थी। नागफनी पुलिस ने युवक को समस्या का हल करने का आश्वासन देकर उसे नीचे उतारने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार जोगियान निवासी विकास की तीन साल पहले शादी हुई थी। मंगलवार की शाम वह गंगा नदी के किनारे टावर पर चढ़कर बहकी- बहकी बातें करने लगा। आरोप लगाया कि उसे पत्नी और ससुराल वाले काफी परेशान कर रहे हैं। वह टावर से कूदकर आत्महत्या करेगा। घटना की सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने युवक को आश्वस्त किया कि टावर से उतरने पर उसकी समस्या का हल निकाला जाएगा। पुलिस का आश्वासन पाकर वह नीचे उतर आया। पत्नी से पूछने पर पता चला कि युवक शराब पीता है इसी कारण पत्नी उससे परेशान रहती है। पत्नी का कहना है कि वह पति को कई बार नशा न करने के लिए समझा चुकी है फिर वह मानने के लिए तैयार नहीं है।