शहर की पॉश कालोनी दीनदयाल नगर में चोरों ने सेवानिवृत्त बैंक अफसर के मकान के ताले तोड़कर तीन लाख की नकदी और 10 लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिए। घटना के समय परिवार देहरादून गया था।मंगलवार सुबह परिवार के लोग वापस आए तो घटना की जानकारी हुई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है।
सिविल लाइंस के दीनदयाल नगर फेज-वन में रमेश कुमार गंधर्व का दो मंजिला मकान है। रमेश कुमार गंधर्व प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक के सीनियर ब्रांच मैनेजर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उनके बड़े बेटा डॉ. अजय रमेश गंधर्व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नूरपुर में प्रभारी चिकित्साधिकारी हैं, जबकि छोटा बेटा डॉ. जय रमेश गंधर्व लखनऊ में रहते हैं। दीनदयाल नगर स्थित मकान में रमेश कुमार गंधर्व और उनकी पत्नी जया रहती हैं। 15 जून को वह छोटे बेटे जय के साथ नूरपुर गए थे। इसके बाद बड़े बेटे डाॅ. अजय और उसकी पत्नी को लेकर देहरादून में रहने वाली साली के घर चले गए थे।
मंगलवार सुबह करीब नौ बजे रमेश कुमार गंधर्व, उनकी पत्नी और छोटा बेटा आए तो मेन गेट का ताला बंद था। उसे खोल कर अंदर पहुंचे तो देखा कि मकान के दरवाजे और कमरों के ताले टूटे पड़े थे। दो मंजिला मकान के सभी कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद कमरे और अलमारी चेक की तो पता चला कि करीब तीन लाख रुपये की नकदी और दस लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर गायब हैं। चोर सोने की छह चेन, एक सेट हार व अन्य जेवर, छह अंगूठी, 45 चांदी के सिक्के ले गए हैं। चोर बच्चों की गुल्लक भी तोड़कर करीब 43 हजार रुपये भी ले गए। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि केस दर्ज किया जा रहा है। पुलिस टीम घटना के खुलासे के लिए काम कर रही हैं। आस पड़ोस के कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
कैमरों की डीवीआर भी ले गए चोर
रमेश कुमार के मकान में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस ने मकान में पहुंचकर जांच पड़ताल की। तब पता चला कि चोर बहुत ही शातिर हैं। वह सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी ले गए हैं।
एक घंटे 25 मिनट मकान में मौजूद रहे चोर
दीनदयाल नगर स्थित जिस मकान में चोरी की घटना हुई है। उसके ठीक बराबर वाले मकान में कैमरे लगे हैं। इन कैमरों की फुटेज चेक की गई। तब पता चला कि 2:19 बजे बाइक सवार दो युवक आते दिखे हैं। बाद में वही युवक 3:44 बजे वहां से जाते हुए कैमरे में कैद हुए हैं। करीब सवा घंटे तक चोर घर में घुसकर एक-एक कमरा खंगालते रहे। इस दौरान उनकी बाइक बाहर ही खड़ी थी।
सोमवार रात 9:30 बजे तक सब कुछ ठीक था
सोमवार रात 9:30 बजे डॉ. अजय रमेश गंधर्व ने अपने मोबाइल में सीसीटीवी कैमरों की लाइव फुटेज देखी थी। उस समेत सभी कमरों में ताले लगे थे। इसके बाद परिवार के लोग सो गए थे, लेकिन मंगवार सुबह साढ़े नौ बजे घर लौटे तो चोरी की घटना की जानकारी हुई।