मुरादाबाद। नगर निगम की टीम ने शहर के पांच स्थानों पर छापेमारी कर 13.60 क्विंटल प्रतिबंधित प्लास्टिक बरामद कर 1.28 लाख रुपये जुर्माना वसूल किया।
अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह ने बताया कि प्रतिबंधित पॉलिथीन के प्रयोग पर पाबंदी लगाने के लिए नगर निगम अभियान चला रहा है। इसी के तहत मंगलवार को कर निर्धारण अधिकारी प्रमोद कुमार की अगुवाई में एक टीम ने मोहल्ला तंबाकियान स्थित आरिफ और जावेद द्वारा घर के नीचे बने गोदाम में छिपाकर रखी गई 12 क्विंटल प्रतिबंधित पॉलिथीन बरामद की। टीम ने दोनों से 25-25 हजार रुपये जुर्माना वसूल करने के सात पकड़ी गई पॉलिथीन जब्त कर ली।
इसके अलावा मोहल्ला शिवनगर स्थित राजेंद्र के दो प्रतिष्ठानों से क्रमश: 9.200 किग्रा, 6.400 किग्रा अमरोहा गेट स्थित मोहम्मद हनीफ के प्रतिष्ठान से 144 किग्रा प्रतिबंधित पॉलिथीन बरामद कर तीनों से 25-25 हजार रुपये तथा भट्टी मोहल्ला निवासी हुमा के प्रतिष्ठान से 1.200 किग्रा प्रतिबंधित पॉलिथीन बरामद कर क्रमश: 3000 रुपये जुर्माना वसूल किया। इस मौैके पर राजस्व निरीक्षक उमेश तोमर, दीपक सिंह तथा प्रवर्तन दल के जवान मौजूद रहे।