अमरोहा/मुरादाबाद। हादसों में तीन दोस्तों समेत पांच युवकों की मौत हो गई। डिडौली में जिन तीन दोस्तों ने हादसे में जान गंवाई उनमें से एक की रविवार को शादी की सालगिरह थी। मुरादाबाद में दो दोस्तों की मौत हुई जिनकी शिनाख्त नहीं की जा सकी।
बरेली के मोहल्ला नेकपुर के रहने वाले धर्मेंद्र शर्मा (39), ओमप्रकाश (40) , जय प्रकाश (42) और मोहल्ला हारूनगला निवासी हरवंश (45) शनिवार की सुबह घर से दिल्ली के लिए निकले थे। धर्मेंद्र और ओमप्रकाश की बरेली के चौपला चौराहे पर ट्रेवल एजेंसी है। दिल्ली से रात में लौटते समय चारों दोस्तों ने गढ़ में खाना खाया और बरेली के लिए निकल पड़े। पुलिस सूत्रों के मुताबिक रात डेढ़ बजे हाईवे पर डिडौली में फ्लाईओवर से उतरते समय कार बेकाबू होक सड़क के किनारे ईंटों के ढेर से टकराकर पलट गई। हादसे में धर्मेंद्र, ओमप्रकाश और जयप्रकाश की मौके पर मौत हो गई। जबकि हरवंश गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से गंभीर हालत में डाक्टरों ने उसे बरेली रेफर कर दिया।
मैनाठेर थाने के ग्राम मोहम्मदपुर बस्तौर के सामने घायल युवक (30) को पुलिस ने देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसने दम तोड़ दिया। कोतवाली क्षेत्र में काशीपुर बस अड्डे के पास एक दिव्यांग (30) भी हादसे में घायल हो गया था उसने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया। दोनों की शिनाख्त नहीं हो सकी।