एमजेपी रूहेलखंड विश्वविद्यालय की व्यावसायिक पाठ्यक्रम की परीक्षा सोमवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। परीक्षा में 37 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। 838 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। हिंदू कालेज में चेकिंग के दौरान गेट के पास एक छात्र के पास नकल पकड़ी गई। छात्र ने गलती से जेब में पर्ची आने की बात स्वीकारी। हालांकि, कालेज प्रशासन ने तलाशी के बाद उसे परीक्षा में शामिल किया।
केजीके कालेज और हिंदू कालेज में व्यावसायिक पाठ्यक्रम की परीक्षाएं चल रही हैं। परीक्षा की पहली पाली सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे और दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक हो रही हैं। सोमवार को दोनों कालेजों में कुल 875 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें 37 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे और 838 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। केजीके कालेज में 570 अभ्यर्थियों का पंजीकरण था। कालेज में 23 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे और 547 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। हिंदू कालेज के परीक्षा प्रभारी केके पाठक के मुताबिक 305 परीक्षार्थियों का पंजीकरण था। 291 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 14 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
परीक्षाएं सीसी कैमरों की निगरानी में कराई जा रही हैं। अभ्यर्थियों के कालेज में प्रवेश से पहले भी गेट पर चेकिंग कराई जा रही है। सोमवार को हिंदू कालेज में चेकिंग के दौरान एक छात्र की जेब में पर्ची बरामद हुई। छात्र ने बताया कि घर से आते वक्त पढ़ने के लिए वह पर्ची लेकर आया था। गलती से पर्ची उसकी जेब में आ गई। छात्र की तलाशी के बाद उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति दी गई। परीक्षा के दौरान कोई नकलची नहीं पकड़ा गया।