अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के अधिवेशन में शामिल होने के लिए शिक्षकों को चार दिन का विशेष अवकाश मिलेगा। अवकाश सशर्त मिलेगा। शिक्षकों को सुनिश्चित करना होगा कि उनकी छुट्टी पर जाने से स्कूल का संचालन बंद नहीं होगा।
24 और 25 नवंबर को बिहार के बोधगया में अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ का अधिवेशन है। अधिवेशन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। उत्तर प्रदेशीय शिक्षक संघ के महामंत्री उमा शंकर सिंह ने शिक्षा निदेशक और संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भारत सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय से अधिवेशन में प्रतिभाग करने वाले शिक्षकों को 23 नवंबर से 26 नवंबर तक विशेष अवकाश स्वीकृति के लिए पत्र भेजा था। शिक्षा सचिव रूबी सिंह ने शिक्षकों के लिए सशर्त विशेष अवकाश की स्वीकृति के आदेश जारी कर दिए हैं। मुरादाबाद मंडल में संघ इकाई के पदाधिकारियों ने अधिवेशन में शामिल होने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
बेसिक शिक्षा अधिकारी योगेेंद्र कुमार के मुताबिक अधिवेशन में शामिल होने वाले शिक्षकों को संघ अध्यक्ष या महामंत्री से प्रमाण पत्र लेना होगा। शिक्षकों को सुनिश्चित करना होगा कि उनके अधिवेशन में जाने की दशा में स्कूल बंद नहीं रहेगा। विशेष अवकाश के दौरान किसी तरह का मार्ग व्यय विभागीय ओर से वहन नहीं होगा।
- अभी तक किसी भी शिक्षक ने अधिवेशन में जाने के लिए आवेदन नहीं किया है। आवेदन होने पर बेसिक शिक्षा सचिव रूबी सिंह के आदेश के हिसाब से सशर्त अवकाश की अनुमति दी जाएगी। - योगेंद्र कुमार, बीएसए