महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विवि ने संस्थागत प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और प्रवेश की तिथियां घोषित कर दी हैं। कुलसचिव की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक विवि से संबद्ध राजकीय, अनुदानित एवं स्व वित्त पोषित कालेजों में वर्ष 2018 के संस्थागत प्रवेश के लिए स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के पाठ्यक्रमों एवं डिप्लोमा आवेदन के लिए आनलाइन पंजीकरण शुल्क 100 रुपये होगा।
स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीकरण शुरू होने की आखिर तिथि 16 जुलाई होगी। स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीकरण खत्म होने की आखिरी तारीख 20 जुलाई होगी। महाविद्यालयों द्वारा जमा किए गए स्नातक एवं स्नातकोत्तर पंजीकरण प्रति को आनलाइन दर्ज करने की आखिरी तिथि 21 जुलाई निर्धारित की गई है। महाविद्यालयों द्वारा डाउनलोड कर स्नातक एवं स्नातकोत्तर की मेरिट तैयार करने एवं प्रदर्शित करने की आखिरी तिथि 23 जुलाई रखी गई है। महाविद्यालय द्वारा स्नातक एवं स्नातकोत्तर पंजीकृत छात्रों की मेरिट तैयार कर प्रवेश सुनिश्चित करने की आखिरी तारीख 26 जुलाई और छात्रों का डाटा आनलाइन संशोधन करने की आखिरी तिथि 30 जुलाई निर्धारित की गई है। कुलसचिव ने कहा कि पूर्व में पंजीकृत ऐसे छात्र जिन्होंने पंजीकरण तो कराया है लेकिन शुल्क जमा नहीं कराया है, शुल्क जमा करवाकर प्रवेश प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।