ठाकुरद्वारा/सुरजननगर। सुरजननगर चौकी क्षेत्र के गांव शेरपुर पटटी तालमपुर में तेंदुए ने घर मे घुसकर पालतू कुत्ते का शिकार किया। घटना से गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ प्रदर्शन कर तेंदुए को पकड़ने की मांग की। करीब चार दिन पूर्व तेंदुए ने गांव में घुसकर एक बकरे को अपना निवाला बनाया था। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दी थी। लेकिन आरोप है कि वन विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर घटना की जांच नहीं की और न ही तेंदुए को पकड़ने का प्रयास किया। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग की इस लापरवाही के चलते तेंदुआ रविवार की रात को गांव के प्रेमपाल सिंह के घर में घुस गया। वहां से वह पालतू कुत्ते को उठाकर ले गया। सोमवार को सुबह उठने पर कुत्ते के न मिलने पर उसकी तलाश की गई। तो उसका अधखाया शव गांव के बाहर जंगल में पड़ा मिला। घटना से शेरपुर पटटी और आसपास के गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने सोमवार को वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। वन विभाग पर ग्रामीणों की शिकायत को अनसुना करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन में दयानंद सिंह, रामपाल सिंह, मोहन सिंह, जयवीर सिंह, शरद कुमार, सत्यपाल सिंह, छोटू आदि मौजूद थे।